डॉ. भागवत के संबोधन पर होगी नजर
संजय गुप्ता होंगे प्रमुख अतिथि
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नागपुर महानगर ने इस वर्ष श्रीविजयादशमी उत्सव का आयोजन किया है। दैनिक जागरण के प्रधान संपादक संजय गुप्ता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मार्गदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम मंगलवार, 20 अक्टूबर (तिथि: आश्विन शुक्लदशमी) को सुबह 7.40 बजे रेशमबाग मैदान में होगा। संघ शताब्दी वर्ष के समापन के उपलक्ष्य में आयोजित विजयदशमी समारोह में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुंबई में इजरायल के मध्य-पश्चिम क्षेत्र के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच आमंत्रित अतिथि होंगे। हिंदू पंचांग में विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का दिवस है। इसे दशहरा भी कहा जाता है।
रावण के पराजय की स्मृति और शरद ऋतु की शुरुआत इस दिन को विशेष बनाती है। संघ के लिए यह दिन और भी गहरा अर्थ रखता है। विजयादशमी के ही दिन संघ परंपरा में शस्त्र पूजा (अस्त्र-शस्त्र की पूजा) की जाती है। यह शक्ति के प्रति श्रद्धा और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प का प्रतीक है। इसी दिन संघ स्वयंसेवकों के सम्मुख वर्ष का निर्धारित कर्तव्य-पथ रखता है। शाखा व्यवस्था का शुभारंभ, कार्यकारिणी के नए हिसाब और आगामी वर्ष की कार्ययोजना की रूपरेखा। देशभर की शाखाओं के संचालकों और स्वयंसेवकों के लिए यह मिलन एक कर्म-संकल्प का दिन होता है। संघ के इतिहास में विजयादशमी संबोधन की लंबी परंपरा रही है।













