धुले:धुले शहर के गुरुद्वारे के प्रमुख बाबा धीरजसिंह पर कुछ दिन पहले गुरुद्वारे में हुए जानलेवा हमले के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। इस हत्या प्रकरण को लेकर बाबा के परिवार ने गुरुद्वारे के ही व्यक्ति रणबीर सिंह को मास्टरमाइंड बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिवार ने पत्रकार परिषद में कहा कि रणबीर सिंह ने संपत्ति को लेकर कई बार दबाव डाला था और बाबाजी की जगह खुद को गुरुद्वारे का प्रमुख बनाने की इच्छा भी जताई थी। उन्होंने आगे कहा कि यह हमला संपत्ति और पद की लालच के कारण किया गया था।
परिवार ने सीबीआई जांच, रणबीर सिंह के खिलाफ शिकायत, और उनके परिवार के बैंक खातों की जांच की मांग भी की है। इसके अलावा, उन्हें धमकियां और गोलीबारी की आशंका का भी डर है, ऐसा परिवार ने बताया हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्यवाही अभी जारी है.











