लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महानगरपालिका की आपली बस सेवा से जुड़े कर्मचारियों की लंबित मांगों पर आश्वासन के बावजूद अमल नहीं होने से शिवसेना ने आंदोलन की चेतावनी दी है. शिवसेना नेता नितिन तिवारी ने मनपा प्रशासन को कर्मचारियों की मांगों पर 7 सितंबर तक ठोस निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया है. मांगें पूरी नहीं होने पर आपली बस सेवा से जुड़े कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे. बताया गया कि 13 जुलाई को आपली बस कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोरभवन डिपो में हड़ताल की थी. कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करना, कंडक्टरों को 26 दिनों की नियमित सेवा देना, एचआरए और एरियर्स का लाभ देना तथा सेफ्टी शूज और मास्टर कार्ड उपलब्ध कराना शामिल था. परिवहन विभाग की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिए जाने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई थी. हालांकि, करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को आर्थिक लाभ नहीं मिलने से उनमें मनपा प्रशासन के प्रति नाराजगी है. इसी मुद्दे को लेकर रविवार को मोरभवन डिपो में कर्मचारियों की बैठक हुई. बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 7 सितंबर तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे.
दुर्घटना में मौत पर 20 लाख मुआवजे की मांग
कर्मचारियों की अन्य मांगों में यांत्रिक विभाग में न्यूनतम वेतन श्रेणी लागू करना, कंडक्टरों को 26 दिनों की नियमित सेवा देना, एचआरए का लाभ और मास्टर कार्ड उपलब्ध कराना शामिल है. इसके अलावा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई है. प्रत्येक डिपो में कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम और डाइनिंग हॉल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है. बैठक में कमलेश त्रिपाठी, संजय सिंह, मनोज शुक्ला, मुन्ना तिवारी, ललित बावनकर समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे.












