लोकवाहिनी, संवाददाता:ओमान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की विविधता, इसकी संस्कृति का मजबूत आधार है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीयों के लिए हर दिन नए रंग लेकर आता है, हर मौसम एक नया त्योहार बन जाता है, हर परंपरा एक नए विचार के साथ आती है। प्रधानमंत्री आज ओमान की अपनी यात्रा के दूसरे दिन मस्कट में मैत्री पर्व कार्यक्रम में भारतीय समुदाय और छात्रों को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं और जहां भी रहते हैं, वे विविधता का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी सह-अस्तित्व और सहयोग का जीता-जागता उदाहरण हैं। इस कार्यक्रम में 700 से अधिक भारतीय स्कूलों के छात्र शामिल हुए। ओमान में भारतीय स्कूलों की स्थापना के 50 साल पूरे हो गए और पीएम मोदी ने इस उपलब्धि पर भारतीय समुदाय को बधाई भी दी।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन से पहले भारतीय समुदाय और छात्रों से ‘भारत माता की जय’ और ‘वन्दे मातरम’ के नारे लगवाए। फिर उन्होंने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच अपना भाषण शुरू किया। देश की तरक्की का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “ओमान में रहने वाले भारतीय अक्सर भारत आते-जाते रहते हैं। आप भारत की हर घटना से अपडेट रहते हैं। आप सभी देख रहे हैं कि आज भारत कैसे प्रगति की नई गति से आगे बढ़ रहा है। देश के विकास की गति हमारे इरादों में भी दिख रही है, और यह हमारे प्रदर्शन में नजर आती है।”











