लोकवाहिनी, संवाददाता नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मंगलवार को मध्य प्रदेश, केरल, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में एसआईआर (SIR) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की। एमपी (MP) में 42.74 लाख नाम हटाए गए हैं। छत्तीसगढ़ में कुल 27.34 लाख वोटर्स के नाम सूची से हटाए गए हैं। केरल की लिस्ट से 24.08 लाख नाम हटाए गए हैं।
एमपी में जिनके नाम हटाए गए हैं, उनमें 19.19 लाख पुरुष हैं और 23.64 लाख महिलाएं हैं। 8.40 लाख से ज्यादा नामों की मैपिंग नहीं हो सकी है। चुनाव आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया के पहले चरण की लिस्ट जारी की है। इन लिस्ट में एमपी, केरल, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की ड्राफ्ट लिस्ट शामिल है।
शीतकालीन सत्र में एसआईआर को लेकर विपक्ष ने काफी बवाल किया था। सदन में चुनाव सुधारों की प्रक्रिया पर चर्चा भी देखने को मिली थी। इससे पहले चुनाव आयोग 7 राज्यों (पश्चिम बंगाल, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात, गोवा, लक्षद्वीप और पुडुचेरी) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर चुकी है। इन राज्यों में अलग-अलग कारणों से कुल 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा नाम ड्राफ्ट रोल से हटाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 97 लाख तमिलनाडु से, फिर गुजरात से 73 लाख और बंगाल से 58 लाख नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में से बाहर किए गए हैं।
ड्राफ्ट और फाइनल वोटर लिस्ट, दावा-आपत्ति की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी और राजनीतिक दलों के साथ साझा होगी। ईआरओ (ERO) के फैसले के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट और फिर सीईओ (CEO) के पास अपील का प्रावधान भी रहेगा। अगर किसी मतदाता के दस्तावेज रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते, तो ईआरओ नोटिस जारी करेगा। जांच के बाद ही नाम जोड़ने या हटाने का फैसला लिया जाएगा। बिना सुनवाई के किसी का नाम नहीं हटाया जाएगा।











