लोकवाहिनी, संवाददाता मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि उद्धव-राज का गठबंधन वास्तव में अस्तित्व में आ चुका है। दोनों दलों के कार्यकर्ता मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में मिलकर काम करने लगे हैं। संजय राउत ने कहा कि सोमवार रात दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बन गई है।
संजय का कहना है कि अब केवल गठबंधन की औपचारिक घोषणा बाकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उद्धव-राज के बीच गठबंधन का ऐलान बुधवार दोपहर 12 बजे हो सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) चुनावों के लिए शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के बीच दादर, शिवड़ी, विक्रोली और भांडुप इलाकों में सीट शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। यहाँ दोनों को ही जनता का समर्थन है।
हालांकि, 23 दिसंबर को दोनों नेताओं की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की उम्मीद थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार राज ठाकरे का मानना है कि जब तक सभी सीटों पर आम सहमति न बन जाए, तब तक घोषणा में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। चूंकि नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, ऐसे में मनसे और यूबीटी के गठबंधन पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। बता दें कि महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने 29 नगर निगमों के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया है। 15 जनवरी 2026 को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 16 जनवरी 2026 को मतगणना की जाएगी।











