लोकवाहिनी, संवाददाता ढाका। बांग्लादेश में फिर से एक हिंदू शख्स को जलाने का मामला सामने आया है। शरीयतपुर जिले में 31 दिसंबर को 50 वर्षीय खोकोन दास पर भीड़ ने हमला कर दिया। खोकोन दास घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। पहले उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, फिर बेरहमी से पीटा गया और आग के हवाले कर दिया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से झुलस गए। घायल अवस्था में खोकोन दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बांग्लादेश में 15 दिन के भीतर दूसरी बार हिंदू शख्स को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 18 दिसंबर को मयमनसिंह जिले में हिंदू युवक दीप चंद्र दास को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। इसके बाद उनके शव को पेड़ पर लटकाकर आग लगा दी गई थी। दीप दास को भीड़ ने ईशनिंदा के झूठे आरोप लगाकर पीटा था। वे एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करते थे। इस मामले की जांच में यह सामने आया कि जिस दावे के आधार पर भीड़ ने हमला किया था, उसके कोई सबूत नहीं मिले। दरअसल, सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाया जा रहा था कि दीप चंद्र दास ने फेसबुक पर ऐसी टिप्पणी की थी। (पृष्ठ 6 पर)








