नांदेड-वाघाला महानगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 1 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। पुराने गांव क्षेत्र में स्थित मारुती राय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर सांसद अजित गोपछड़े ने नारियल फोड़कर प्रचार का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में धार्मिक विधि के साथ प्रचार अभियान शुरू कर पार्टी ने सकारात्मक और विकासोन्मुखी राजनीति का संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रचार की शुरुआत के बाद सांसद अजित गोपछड़े ने कहा कि नांदेड-वाघाला महानगरपालिका का यह चुनाव पूरी तरह विकास के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा शहर के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है और आने वाले समय में भी बुनियादी सुविधाओं, सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता और नागरिक सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
सांसद गोपछड़े ने विश्वास जताया कि वार्ड क्रमांक 4 के सभी भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और पार्टी के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। नांदेड-वाघाला मनपा चुनाव में भाजपा पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी है और सभी वार्डों में सशक्त प्रचार किया जा रहा है।
मनपा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही नांदेड-वाघाला में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।






