धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य सजावट से सजा दगडूशेठ गणपति मंदिर
पुणे:श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से इस वर्ष गणेश जन्मोत्सव का आयोजन माघ शुद्ध चतुर्थी के अवसर पर बुधवार को पुणे के बुधवार पेठ स्थित दगडूशेठ गणपति मंदिर में किया गया है। गणपति के विनायक अवतार के रूप में मनाया जाने वाला यह पावन उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो रहा है।
गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान गणेश का जन्म दोपहर 12 बजे सुवर्ण पालने में संपन्न हुआ । इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने जन्म के समय पुष्पवृष्टि कर गणपति की मंगल आरती की .
उत्सव के अंतर्गत स्वराभिषेक, गणेश याग, श्री गणेश जागर और नगर प्रदक्षिणा जैसे विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सजावट और भव्य विद्युत रोशनी से सजाया गया है।
आज तड़के 3 बजे ब्रह्मणस्पति सूक्त अभिषेक संपन्न हुआ, वहीं गणेश सूक्त अभिषेक भी पूरे दिन जारी रहेगा। सुबह 6 से 10 बजे तक और दोपहर 1.30 से शाम 5 बजे तक गणेश याग का आयोजन किया गया है।
शाम 6 बजे दगडूशेठ गणपति मंदिर से नगर प्रदक्षिणा की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। रात 8 बजे मंगल आरती और रात 10 बजे से तड़के 3 बजे तक श्री गणेश जागर आयोजित किया गया है।
गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर तड़के 3 बजे से श्रद्धालुओं के लिए खुला है। ट्रस्ट की ओर से अधिक से अधिक भक्तों से कार्यक्रमों में शामिल होकर दर्शन का लाभ लेने की अपील की गई है।








