अग्निशमन दल की तत्परता से टली अनहोनी
नवी मुंबई के वाशी नाका इलाके में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरेलू गैस सिलेंडर ले जा रहे एक वाहन में अचानक आग लग गई। भारत गैस के सिलेंडर लेकर पेण स्थित वरदान गैस एजेंसी से वडखळ की ओर जा रहे टाटा मेगा एक्सल वाहन के इंजन में आग लगने की यह घटना सामने आई है। आग लगते ही वाहन में रखे कुछ सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे स्थिति भयावह बन गई।
जानकारी के अनुसार, यह वाहन चालक और मालिक सिद्धार्थ विठोबा ठाकूर का था। वाहन में कुल 52 सिलेंडर लदे हुए थे, जिनमें 48 भरे हुए और 4 खाली सिलेंडर शामिल थे। आग की चपेट में आने से भरे हुए 48 सिलेंडरों में से 9 सिलेंडरों में एक के बाद एक स्फोट हो गया। सिलेंडरों के धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। शासन-प्रशासन के साथ-साथ जेएसडब्ल्यू कंपनी और पेण नगर पालिका के अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।








