लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। पिछले दो हफ्तों से चल रही चर्चाओं पर से पर्दा उठ गया है। मनपा महापौर पद पर भाजपा ने वरिष्ठ पार्षद नीता ठाकरे के नाम पर मुहर लगायी है, वहीं उपमहापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष के नामों की घोषणा भी कर दी है। पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रभाग संख्या 28 की नगरसेविका नीता ठाकरे को और उपमहापौर पद के लिए प्रभाग संख्या 29 की नगरसेविका लीला हाथीबेड को चुना है। यह घोषणा भाजपा के शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने की।
उन्होंने कहा कि दोनों उम्मीदवारों का चुनाव उनके अनुभव, जनसेवा और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए किया गया है। गौरतलब है कि भाजपा ने इस बार मनपा के तीनों महत्वपूर्ण पद महिलाओं को दिए हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने लीला हाथीबेड को उपमहापौर और शिवानी दाणी को स्थायी समिति का अध्यक्ष घोषित किया।
नागपुर मनपा में भाजपा के 102 पार्षदों ने चुनाव जीता है। आरक्षण के तहत महापौर का पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है। तब से ही इस बात पर चर्चा चल रही थी कि महापौर कौन बनेगा। भाजपा ने भी कल तक इस नाम को ‘गुलदस्ते’ में रखा हुआ था।
जिन नामों पर चर्चा हो रही थी उनमें नीता ठाकरे, शिवानी दाणी और दिव्या धुरडे शामिल थीं। इनमें से नीता ठाकरे को चुना गया। नीता ठाकरे दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड से चुनी गई हैं। दक्षिण नागपुर को पिछले बीस वर्षों से महापौर का पद नहीं दिया गया है। दक्षिण नागपुर के विधायक मोहन मते ने पार्टी की बैठक में जोरदार मांग रखी थी कि इस बार दक्षिण नागपुर को महापौर बनाया जाए।
महापौर पद की दौड़ में शामिल शिवानी दाणी को स्थायी समिति की अध्यक्ष बनाया गया है। वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की करीबी हैं। उन्हें मुख्यमंत्री के दक्षिण-पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड से चुना गया है। दाणी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही विदर्भ का निवेश सलाहकार नियुक्त किया है। शिवानी पहली बार निर्वाचित हुई हैं। ऐसे में मनपा का कोष उन्हें सौंपा गया है।









