लोकवाहिनी, संवाददाता,नागपुर। पांचपावली इलाका रविवार को इस साल की पहली हत्या से दहल गया। एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें तीन दोस्तों ने शराब पीने के बाद मामूली विवाद पर अपने चौथे दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का नाम राजेश उर्फ चंदू मुकुंदराव मेश्राम (37), निवासी बालाजी नगर है। इस मामले में पांचपावली पुलिस ने शंकर भिसारे (42), कपिल नागराले (45) और जसवंत सिंह आमोद (53) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले से ही चारों यार शंकर भिसारे के घर पर साथ में शराब पी रहे थे। रविवार सुबह भी उन्होंने शराब पीना शुरू कर दिया। शाम होते-होते किसी बात पर दोस्तों के बीच कहासुनी हो गई। शराब के नशे में कहासुनी बढ़ गई और राजेश पर लाठी से हमला किया गया, जिसके बाद वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
अगली सुबह राजेश मृत पाया गया, जबकि शंकर भिसारे उसके बगल में बेहोश पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मेयो अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राजेश पर किसने और कैसे हमला किया, लेकिन साथ में शराब पी रहे तीन लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। मृतक के भाई चंद्रकांत मुकुंदराव मेश्राम (50), निवासी यादव नगर, स्वीपर कॉलोनी, उप्पलवाड़ी, यशोधरानगर की शिकायत पर पांचपावली थाने में धारा 103(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना के पीछे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।









