लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। काचीपुरा-बजाजनगर मार्ग पर एक भीषण दुर्घटना में दो 19 वर्षीय युवकों की मौत हो गई, जब तेज रफ्तार से चलाई जा रही रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल सीमेंट के खंभों से टकरा गई। यह दुर्घटना 16 फरवरी रात 9:45 से 10:10 बजे के बीच दाना-पानी सावजी होटल के पास हुई।
बताया जाता है कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसे लापरवाही और खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था। मृतकों की पहचान युग विशाल चद्रिकापुरे और रुद्र शशिकांत सोमकुवर के रूप में हुई है। दोनों काचीपुरा के रामदासपेठ निवासी थे। देर रात हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो उभरते कबड्डी खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई।
जीटी बुलेट पर सवार दो युवक चौक पर सिग्नल जंप कर तेज रफ्तार में आगे बढ़े। इसी दौरान उन्होंने सड़क से गुजर रही एक युवती को कट मार दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे लोहे के करीब दस पिलरों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युग और पीछे बैठा रुद्र, दोनों के सिर रोड विभाजक (Divider) से जा टकराए। परिणामस्वरूप, लगभग पांच खंभे उखड़ गए।
हादसे में 19 वर्षीय युग विशाल चद्रिकापुरे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 19 वर्षीय रुद्र शशिकांत सोमकुवर ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों युवक कबड्डी के उभरते खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में एक युवती को मामूली चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल किंग्स (KIMS) हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने रुद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर में बढ़ती तेज रफ्तार और सिग्नल जंप की घटनाएं लगातार गंभीर हादसों को जन्म दे रही हैं, जिससे ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।











