नागपुर में नए टाउन हॉल का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया निरीक्षण
नागपूर:नागपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महाल स्थित नए टाउन हॉल भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया। उन्होंने इस भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए हैं।
नागपुर महानगरपालिका द्वारा महाल क्षेत्र में श्रीमंत राजे रघूजीराव भोसले सभागार की नई इमारत का निर्माण अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन निर्माण में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह टाउन हॉल दिल्ली के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की तर्ज पर अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होना चाहिए। साथ ही, पास स्थित हेरिटेज इमारत के सौंदर्यीकरण और मजबूतीकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
नए टाउन हॉल का निर्माण 6808.13 वर्गमीटर क्षेत्र में किया गया है। यह भवन दो बेसमेंट और चार मंजिला होगा। इसमें वीआईपी पार्किंग, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए अलग प्रवेश, 155 और 288 क्षमता वाले सभागार, पत्रकारों और आगंतुकों के लिए 210 सीटों की गैलरी, कार्यालय, कैंटीन और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने माइक सिस्टम, वातानुकूलन व्यवस्था और बैठने की सुविधा को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि यह नया टाउन हॉल नागपुर की पहचान को किस तरह नई ऊंचाई देता है।








