सिर में गंभीर चोट, 50 वर्षीय व्यापारी ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे
रिंग रोड बना रेसिंग और स्टंट का अड्डा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
परिवार की मांग—दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई
कल्याण:कल्याण के गांधारी–वडवली रिंग रोड पर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर सामने आया है। नया और चिकना बना यह रिंग रोड देर रात कार रेसिंग और बाइक स्टंट करने वालों का अड्डा बनता जा रहा है। इसी लापरवाही की कीमत एक बेगुनाह 50 वर्षीय व्यापारी को अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर चुकानी पड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रेसिंग कर रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई। फिलहाल वे अस्पताल के ICU में भर्ती हैं और जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई के अभाव में यह सड़क रेसिंग ट्रैक में तब्दील हो चुकी है। देर रात यहां तेज रफ्तार गाड़ियों का शोर आम बात हो गई है।
पीड़ित परिवार ने दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन अब सख्त कदम उठाएगा, या फिर रफ्तार का यह खेल यूं ही मासूम जिंदगियां निगलता रहेगा?







