मुंबई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि सभी के लिए सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना हम सबका लक्ष्य होना चाहिए। मुर्मू मुंबई के लोक भवन में पी.डी. हिंदुजा अस्पताल की ओर से आयोजित ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ (Saving Lives and Building a Healthier Bharat) अभियान के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि भारत वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में प्रतिष्ठा हासिल करेगा।
राष्ट्रपति ने निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों से कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाएँ देते समय अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा, “स्वस्थ भारत के निर्माण में सरकार के साथ-साथ अन्य सभी हितधारकों की भी भूमिका अहम है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा जन-जन तक पहुँचे, इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करना है।”
राष्ट्रपति ने कहा कि तकनीक और एआई (AI) अन्य क्षेत्रों की तरह चिकित्सा के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। चिकित्सा के हर क्षेत्र में इनका प्रयोग किया जा रहा है। आने वाले समय में इनकी भूमिका और भी बढ़ने वाली है।
उन्होंने आगे कहा, “दवा और उपकरणों का देश में ही निर्माण देशवासियों को किफायती चिकित्सा प्रदान करने के लिए बहुत जरूरी है। ‘मेक इन इंडिया’ और पीएलआई (PLI) जैसी पहल इस दिशा में सहायक सिद्ध हो रही हैं।” उन्होंने आगे कहा, “वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति में नागरिकों का स्वस्थ होना एक बुनियादी जरूरत है। सभी देशवासी स्वस्थ रहेंगे, जब उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ समय पर उपलब्ध होंगी।” (पेज 6 पर)












