लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। रंगों के उत्सव के लिए बाजार तैयार हैं। गुलाल, अबीर से लेकर मुखौटे और पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं। थोक बाजार गांधीबाग, इतवारी, महल, बर्डी में फुटकर विक्रेता और ग्राहक खरीदारी के लिए पहुँच रहे हैं। होली पर व्यवसायियों को अच्छे कारोबार की आस है।
दुकानों पर होली के लिए सैकड़ों तरह की पिचकारियां उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 15 रुपये से लेकर 600 रुपये तक है। उनमें ट्रॉली बैग, डोरेमोन, एवेंजर गन, फ्रूटा, कैप्टन अमेरिका, हथौड़ा, कुल्हाड़ी व गिटार आदि के आकार में बनी पिचकारियों की भारी मांग है। गुलाल से भरे सिलेंडर और स्प्रे की खरीदारी अधिक हो रही है। सबसे ज्यादा लोग हर्बल रंगों को पसंद कर रहे हैं।
एक दुकानदार ने बताया कि इस बार जोकर वाला मास्क पहली पसंद है। हनुमानजी, स्पाइडरमैन, डोरेमोन, भूत और अन्य की भी मांग है। हवा में गुलाल उड़ाने के लिए दुकानदार सबसे ज्यादा सिलेंडर ले जा रहे हैं। इनमें 550 से लेकर 7 हजार तक के सिलेंडरों की मांग है। 7 हजार रुपये वाले सिलेंडर में एक बार में 25 किलो गुलाल भरा जाता है। दुकानदार ने बताया कि उनके पास 35 तरह की पिचकारियां हैं, जिनकी कीमत 75 रुपये से लेकर 600 रुपये तक है। एवेंजर गन और फ्रूटा की पिचकारी बच्चों को पसंद आ रही है।
कई व्यापारियों ने यह भी कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार त्योहार को लेकर लोगों में अधिक उमंग है, जिसका सीधा असर बिक्री पर पड़ रहा है। बाजार की सजी-धजी दुकानें, रंगों की खुशबू और लोगों के चेहरों पर दिख रही खुशी ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। उत्साह को देखकर यह स्पष्ट था कि इस बार होली का रंग गांवों और कस्बों में भी पूरे जोश के साथ चढ़ रहा है।








