एजेंसी,लास वेगास। भारत की अमृता पुजारी ने अंडर 23 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में महिलाओं के 72 किलो फाइनल में प्रवेश कर लिया। अमृता ने कजाकिस्तान की साबिरजानोवा को 7-1 से हराने के बाद सेमीफाइनल में चीन की योंजिन कियू को 10-8 से मात दी। महाराष्ट्र के सोलापुर की अमृता का सामना अब यूक्रेन की इरिना जाब्लोत्स्का से होगा।
कोमल ने महिलाओं के 59 किलो वर्ग में कजाकिस्तान की विक्टोरिया के को 7-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले वह सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलीना फिलिपोविच से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार गई थीं। उन्होंने कनाडा की एला फाइंडिंग को हराया था।
स्वीटी 53 किलो वर्ग में रेपेशॉज के जरिये कांस्य पदक की दौड़ में है। वह क्वार्टर फाइनल में क्रिस्टले रोड्रिगेज डोबलर से 2-11 से हार गई थीं। डोबलर के फाइनल में पहुंचने से स्वीटी को रेपेशॉज खेलने का मौका मिला है जिसमें वह चीन की शियापटोंग झोंग से खेलेंगी। वैष्णवी पाटिल भी 65 किलो वर्ग में रेपेशॉज के जरिये पदक की दौड़ में है। वह जापान की हारुका कोबारु से खेलेंगी।
दीक्षा मलिक महिलाओं के 76 किलो वर्ग में पांचवें स्थान पर रही। वीजा से जुड़े कारणों से भारत महिलाओं के 50 किलो, 55 किलो, 57 किलो और 62 किलो वर्ग और ग्रीको रोमन 60 किलो, 77 किलो, 82 किलो, 97 किलो और 130 किलो में खिलाड़ी नहीं उतार सका है।














