खालिस्तान के नाम से धमकी भरा ई-मेल, अलर्ट मोड पर एजेंसियां
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महाराष्ट्र के सरकारी और प्रशासनिक कार्यालयों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद राज्यभर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय तथा मुंबई और पुणे के महापौर कार्यालयों को निशाना बनाने का दावा इस ई-मेल में किया गया है।
नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय और रेशीमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। धमकी भरा ई-मेल पुणे महानगरपालिका के महापौर कार्यालय को भेजा गया था, जिसके बाद नागपुर पुलिस ने दोनों परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, ‘खालिस्तान जिंदाबाद पार्टी’ के नाम से भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि वर्ष 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और ऑपरेशन वुडरोज के विरोध में 10 जून को आरएसएस मुख्यालय और हेडगेवार स्मृति भवन में बम विस्फोट किया जाएगा। ई-मेल में इन सैन्य अभियानों के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराते हुए बदला लेने की बात कही गई थी।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त राहुल मदने के नेतृत्व में बम खोज एवं नाशक दस्ते सहित भारी पुलिस बल दोनों स्थानों पर पहुंचा। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर दोनों परिसरों और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की गई। जांच में किसी प्रकार का खतरा नहीं मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांधीबाग क्षेत्र के दोसर भवन चौक के पास एक निजी परिसर से खदानों में उपयोग होने वाले विस्फोटक बरामद किए गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस सतर्क थी। ताजा धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता एक बार फिर बढ़ा दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आरएसएस मुख्यालय समेत शहर के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।











