आग लगी : 6 घायल, 232 लोग थे सवार
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्विट्जरलैंड जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइन्स की फ्लाइट ने उड़ान भरने से ठीक पहले रनवे पर ही टेकऑफ रोक दिया, क्योंकि विमान के एक इंजन में अचानक आग लग गई थी। रात के करीब 1 बजे हुए इस घटनाक्रम ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। गनीमत रही कि पायलटों की सूझबूझ और इमरजेंसी टीमों की मुस्तैदी ने 232 लोगों की जान बचा ली।
घटना रविवार तड़के करीब 1:08 बजे की है। स्विस इंटरनेशनल एयरलाइन्स की फ्लाइट एलएक्स147 (एयरबस ए 330) दिल्ली से ज्यूरिख जाने के लिए रनवे नंबर 28 पर दौड़ रही थी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार 24 के मुताबिक, प्लेन ने 104 नॉट्स (करीब 192 किमी/घंटा) की रफ्तार पकड़ ली थी, तभी अचानक नंबर-1 इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई।
पायलट ने बिना देर किए टेकऑफ रोक दिया और विमान को रनवे पर ही सुरक्षित रोक लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के एक हिस्से से धुआं उठता देखा गया, जबकि लैंडिंग गियर के पास आग के निशान भी दिखे। इसके बाद एयरपोर्ट पर तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। जैसे ही आग की पुष्टि हुई, एयरपोर्ट अथॉरिटीज हरकत में आ गईं। रनवे 28 को तुरंत बंद कर दिया गया ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई दिक्कत न आए।









