लोकवाहिनी, संवाददाता:आरामबाग। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के आरामबाग में चुनावी रैली को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने बनगांव में जनसभा को संबोधित किया था। वहीं आरामबाग की रैली में भी पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, आज बंगाल के हर बूथ पर उमड़ता जनसैलाब कह रहा है, भय आउट-भरोसा इन।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार, नबन्ना सचिवालय से नहीं चलती है। इस सरकार को या तो गुंडे और मस्तान चलाते हैं या फिर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार हरकत में आती है।मैंने कहा था कि बंगाल में मतदान के सभी पिछले रिकॉर्ड टूट जाएंगे, और बंगाल की जनता ने 23 अप्रैल को इसे सच कर दिखाया। अब आपको 29 अप्रैल को बने रिकॉर्ड को तोड़ना होगा। जनता के मिजाज का अंदाजा न लगा पाने वाले लोग भारी संख्या में मतदाताओं के आने से हैरान हैं। टीएमसी नेता चिंतित हैं क्योंकि उन्होंने इतनी भारी संख्या में मतदान की उम्मीद नहीं की थी। कुछ समय पहले मैं सिंगूर आया था, उसी समय मैंने टीएमसी की निर्मम सरकार के प्रति जनता का गुस्सा साफ-साफ देख रहा था। आज मैं फिर देख रहा हूं, वो गुस्सा अपने चरम पर पहुंच चुका है, और इस गुस्से में बंगाल का एक ही उद्देश्य है।









