नागपूर। बाजार भाव से कम कीमत पर तेल के पीपे और शक्कर होलसेल दर में उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख 88 हजार 400 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में तहसील पुलिस ने गफूर अहमद अब्दुल रशीद शेख (45), निवासी तकिया दीवान शाह, काला झंडा, मोमिनपुरा, नागपूर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल गिरफ्तार नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता नंदना संजय वासनिक (50), निवासी पंचशील नगर, पांचपावली क्षेत्र, की आरोपी से पहले से पहचान थी।
आरोपी ने उन्हें बताया था कि वह कम कीमत पर तेल के पीपे और होलसेल भाव में शक्कर बेचता है। इसके लिए उसके पास बाकायदा लाइसेंस भी है। आरोपी की बातों पर भरोसा कर शिकायतकर्ता, उनकी बेटी आकांक्षा वासनिक और उनके परिचितों ने विभिन्न ब्रांड के तेल खरीदने के लिए आरोपी के साथ आर्थिक लेन-देन शुरू किया। शुरुआत में आरोपी ने तय दरों के अनुसार व्यवहार किया, जिससे शिकायतकर्ता का उस पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में एटीएम के माध्यम से कुल 10,88,400 रुपये आरोपी को भेजे गए। हालांकि, रकम लेने के बाद आरोपी ने माल की आपूर्ति नहीं की। करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद जब तेल और शक्कर नहीं मिले तो शिकायतकर्ता ने आरोपी से पूछताछ की।















