लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है। कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण तेल विपणन कंपनियों का घाटा बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है। इसके साथ ही, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दरें राज्यों में मूल्य वर्धित कर (वैट) के अंतर के कारण अलग-अलग होती हैं। दिल्ली में अब सीएनजी की कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम और मुंबई में 84 रुपये प्रति किलोग्राम है।
हालांकि, घरों में खाना पकाने के लिए पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) और घरेलू खाना पकाने वाली गैस एलपीजी दोनों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमले के बाद और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इस युद्ध से होर्मुज जलडमरूमध्य अवरुद्ध हो गया जिससे दुनिया के तेल एवं गैस का पांचवां हिस्सा गुजरता है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद खुदरा ईंधन दरों को स्थिर रखा गया जिसे सरकार ने मूल्य-संवेदनशील उपभोक्ताओं को बढ़ती वैश्विक ऊर्जा लागत से बचाने का प्रयास बताया।
हालांकि, विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक कारणों से प्रेरित कदम माना क्योंकि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे थे। ईंधन की कीमतों में यह बढ़ोतरी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल सहित पांच में से तीन राज्यों में जीत हासिल कर अपना प्रभाव बढ़ाया। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब मई 2022 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। कीमतें अप्रैल 2022 से स्थिर थीं।
चुनाव खत्म, वसूली शुरू : कांग्रेस
विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। सरकार पर बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव के बीच आम लोगों पर बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ‘महंगाई मैन’ मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया है। चुनाव खत्म हो गए हैं, मोदी की वसूली शुरू हो गई है। वहीं सपा के अखिलेश यादव ने एक कार्टून शेयर करते हुए लिखा कि हमने तो पहले ही कहा था कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं है। आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।










