पालकमंत्री बावनकुले ने किया दौरा
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। जिले के भिवापुर तहसील के धामणगांव में लगी भीषण आग में कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ। 3 मई को पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले व अन्य मंत्रियों ने गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया, संबंधित अधिकारियों से बात की और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को समझा और उन्हें आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि शनिवार को धामणगांव में आग लग गयी थी जिससे आधा गांव जलकर खाक हो गए, कई पशुओं की मौत होने के साथ आग से नागरिकों का अनाज, घरेलू वस्तुएं, बच्चों की किताबें जलकर राख हो गयीं।
शनिवार रात को ही सीएम फडणवीस ने आदेश दिया था कि जायजा लेकर गांववासी को मुआवजा दिया जाये। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। प्रत्येक परिवार को खनन नियम के माध्यम से 2.5 लाख रुपये, राज्य सरकार से 23 हजार रुपये और कोराडी श्री महालक्ष्मी जगदंबा मंदिर संस्थान से 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही, अनाज, आवश्यक वस्तुएं, स्वास्थ्य शिविर, पानी के टैंकर, छात्रों के लिए किताबें और गणवेश, साथ ही जले हुए दस्तावेजों के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किये जाने का आश्वासन दिया गया। मकान निर्माण के लिए मुफ्त रेत उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई। पालकमंत्री बावनकुले ने आश्वासन दिया कि प्रशासन के माध्यम से सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को तत्काल पूरा करने के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर वित्त एवं योजना राज्य मंत्री अधिवक्ता आशीष जायसवाल, आशीष देशमुख, संजय मेश्राम, राजू पारवे, सुधीर पारवे, भाजपा नागपुर जिला अध्यक्ष आनंदराव राउत, सरपंच वैशालीताई चौधरी, प्रमोद घरडे, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।









