यह ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का सफल उदाहरण : प्रधानमंत्री मोदी
लोकवाहिनी, संवाददाता
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा में जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का एक सफल उदाहरण बताया। इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया, जहां हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेनें परिचालन में हैं। यह रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन दो घंटे में तय करेगी। इस दौरान यह 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और उनकी आधारशिला रखी।
इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने हाइड्रोजन चालित ट्रेन को ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का एक सफल उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है और जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन चालित ट्रेन है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते बड़ी मात्रा में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस और उर्वरकों की आपूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों से यह मार्ग लगातार संघर्ष का क्षेत्र बना हुआ है।
मोदी ने कहा कि युद्ध और तेल संकट के बावजूद भारतीय रेल और देश के विकास की रफ्तार नहीं रुकी है। उन्होंने कहा, यदि ऐसी स्थिति 2014 से पहले उत्पन्न हुई होती, तो भारतीय रेलवे का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया होता। प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद की उनकी यात्रा ने पुरानी यादों को ताजा कर दिया है। उन्होंने कहा, मुझे यहां जो स्नेह मिला है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि जींद का घी और घेवर वर्षों से नहीं बदले हैं, लेकिन इसके तेवर जरूर बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि जींद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुशासन का एक मॉडल बनता जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तब जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम लिया जाएगा। मैं इसके लिए पूरे देश को बधाई देता हूं। जनसभा को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है।
पंजाब : आप सरकार को बताया कट्टर बेईमान
चंडीगढ़। किसानों के प्रतीक के रूप में हरी पगड़ी पहनकर हुंकार भरते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार को कट्टर बेईमान करार दिया। पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर रैली से सूबे की सत्ताधारी पार्टी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। चुनावी माहौल को गरमाते हुए उन्होंने कांग्रेस और अकाली दल को सिर्फ कुर्सी का भूखा बताया और दावा किया कि पंजाब को बदहाली से निकालने के लिए यहां भाजपा की डबल-इंजन सरकार बनना बेहद जरूरी है। चुनावी शंखनाद के बीच प्रधानमंत्री ने सूबे के मतदाताओं को साधने के लिए 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की बड़ी सौगात भी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर छावनी (कैंटोनमेंट) स्टेशन से करतारपुर पंजाब-अंबाला नई रेल सेवाओं और जालंधर-वाराणसी नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अमृतसर के छहरता से वाराणसी जाने वाली सर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत भी की।













