ट्रंप बोले आज जंग खत्म हो गई, ईरान का दावा- अभी कोई डील फाइनल नहीं
तेहरान, वॉशिंगटन डीसी, एजेंसी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने आज ईरान के साथ 3 महीने से चल रहा युद्ध खत्म कर दिया। इस बड़े बयान से ठीक पहले उन्होंने कहा कि दोनों देश लड़ाई रोकने के लिए एक बहुत मजबूत समझौता ज्ञापन यानी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर सहमत हो गए हैं। हालांकि ईरान ने साफ-साफ कहा है कि अभी कोई समझौता फाइनल नहीं हुआ है। यानी दोनों तरफ से अलग-अलग दावे हैं और यह पहली बार नहीं है जब स्थिति ऐसी है।
डोनाल्ड ट्रंप ने एक जनसभा में कहा, मुझे नहीं पता कि आपने सुना या नहीं, लेकिन हमने आज ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया। उन्होंने यह मान लिया है कि वे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे। हम इसी बात पर अड़े हुए थे। यही पूरा मकसद था। लगभग 95 प्रतिशत मामला इसी से जुड़ा था। ट्रंप के इस बयान से पहले उन्होंने आज ईरान पर आगे होने वाले हमले रद्द कर दिए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर संकेत दिया कि कोई समझौता हो गया है, लेकिन उसकी शर्तों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा कि ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों पर उस समय तक अमेरिका की नाकेबंदी जारी रहेगी, जब तक कि यह समझौता पूरी तरह अंतिम रूप नहीं ले लेता। वहीं ईरान ने दावों को खारिज करते हुए कहा कि हमने अभी तक किसी भी समझौते की पुष्टि नहीं की। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए को बताया कि अमेरिका के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की खबरें सिर्फ अटकलें हैं और कहा कि तेहरान ने अभी तक किसी भी समझौते पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि कतर और पाकिस्तान मध्यस्थ के तौर पर सक्रिय हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अमेरिका के कदमों का असर कूटनीतिक प्रक्रिया पर पड़ रहा है। (पेज 6 पर)
लीक की गई शर्तें पूरी तरह से मनगढ़ंत : ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के दावों पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह झूठ हैं। लिखित में जो तय हुआ था, ईरान की बातें उसके बिल्कुल उलट हैं। ट्रंप ने ईरान के समझौते वाले बयान को बेहद कमजोर और दयनीय बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान के बयानों का सच से कोई वास्ता नहीं है। ट्रंप ने ईरान के साथ किसी भी सौदे को बेहद मुश्किल काम बताया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को हैरान करने वाला कहा है।
भारतीय जहाजों पर हमला बिल्कुल मंजूर नहीं : ट्रंप
ट्रंप ने ईरान की एक और बड़ी हरकत का खुलासा किया है। बीती रात ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन से हमला किया था। हालांकि, इस ड्रोन हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया। ट्रंप ने ईरान की इस सैन्य कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है। अमेरिका इस तरह की किसी भी हरकत को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।












