विवि के स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग में मनाई प्रेमचंद जयंती
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाद जोशी ने कहा कि प्रेमचंद आधुनिक युग के कबीर थे। प्रेमचंद की जयंती का कार्यक्रम राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाद जोशी ने मार्गदर्शन किया। कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाद जोशी और हिंदी विभाग के प्रमुख डॉ. मनोज पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्रीपाद जोशी ने आगे कहा कि प्रेमचंद न केवल हिंदी में, बल्कि संपूर्ण भारतीय साहित्य में अग्रणी थे। प्रेमचंद का साहित्य भारत के आम लोगों की आवाज बना। उन्होंने साहित्य के माध्यम से सामाजिक पीड़ाओं को विश्व के सामने प्रकट किया। प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से सामाजिक रीति-रिवाजों पर प्रहार किया।
श्रीपाद जोशी ने कहा कि प्रेमचंद को समाज का रक्षक कहा जाता था और उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं। वहीं प्रस्तावना रखते हुए हिंदी विभाग के प्रमुख डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि प्रेमचंद एक ऐसे लेखक नहीं थे जिन्होंने किसी निर्धारित मार्ग का अनुसरण किया हो, बल्कि उन्होंने जीवन के प्रति एक अनूठा दृष्टिकोण विकसित किया। इस अवसर पर हिंदी विभाग में एक पूर्व छात्र परिषद का गठन किया गया। नवगठित परिषद में डॉ. मधुलता व्यास अध्यक्ष, डॉ. शशिकांत शर्मा और डॉ. नीलम विरानी उपाध्यक्ष, वैशाली चारथल कोषाध्यक्ष, डॉ. राजेश पसिने सचिव और डॉ. रेणु बाली, डॉ. बालकृष्ण महाजन, ज्ञानेश्वर भेलकर, रितु आनंद शर्मा, डॉ. हर्षद घाटोले सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए। कार्यक्रम में कृष्ण कुमार द्विवेदी, नरेंद्र परिहार, मधु पटोदिया सहित कई छात्र उपस्थित थे। रवि शुक्ला ने कार्यक्रम का संचालन किया। जागृति सिंह ने आभार माना।










