8000 लोगों को रोजगार, एम इंटेलिजेंस लैब्स राज्य सरकार का अहम करार
लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। राज्य के औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की उपस्थिति में आज उद्योग विभाग और ‘एम इंटेलिजेंस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड’ के साथ 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपये के निवेश के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री समिति कक्ष में हुए इस समझौते के समय उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डॉ. पी. अंबलगन, औद्योगिक विकास आयुक्त दीपेंद्र सिंह कुशवाहा, संयुक्त सचिव डॉ. श्रीकांत पुलकुंडवार, संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत ढोके, एम इंटेलिजेंस लैब्स के अध्यक्ष अनिल चलमलशेट्टी, निदेशक मौर्य पायदा, उपाध्यक्ष पंकज कुमार आदि उपस्थित थे।
इस परियोजना से राज्य में लगभग 8 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस परियोजना की क्षमता 500 मेगावाट है और इसमें 2,50,000 उच्च क्षमता वाले ‘एआई चिपसेट’ का उपयोग किया जाएगा। साथ ही इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। 200 मेगावाट क्षमता का पहला चरण 2028 तक और 300 मेगावाट क्षमता का दूसरा चरण 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। परियोजना को राज्य की सूचना प्रौद्योगिकी नीति 2023 के साथ-साथ ग्रीन इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर पार्क नीति 2024 के तहत विकसित किया जाएगा। परियोजना का लक्ष्य महाराष्ट्र को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल बुनियादी ढांचे में राष्ट्रीय और वैश्विक नेता बनाना है।











