महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने बुधवार को बताया कि सितंबर में हुई भारी बारिश ने किसानों को पिछले वर्ष की बारिश की तुलना में अधिक नुकसान पहुंचाया है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को दीपावली से पहले वित्तीय सहायता मिलेगी।
भरणे ने कहा कि विशेष रूप से नांदेड़ और मराठवाड़ा क्षेत्र में नुकसान ज्यादा हुआ है। इन इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण आठ लोगों की मौत हो चुकी है और कई घर और फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मंत्री ने बताया कि राजस्व और कृषि विभागों की मदद से फसल नुकसान का सर्वेक्षण युद्धस्तर पर जारी है।
भरणे ने कहा, “जिन इलाकों में जुलाई से पहले नुकसान हुआ था और सर्वेक्षण पूरा हो गया है, वहां किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि का भुगतान शुरू कर दिया गया है। राज्य ने कुल 2,215 करोड़ रुपये में से सहायता राशि जमा करना शुरू कर दिया है।”
उन्होंने बताया कि इस महीने हुई बारिश से लगभग 30 लाख हेक्टेयर जमीन प्रभावित हुई है। सितंबर में हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी जाने वाली राशि पिछले नुकसान से अधिक होगी। मंत्री ने यह भी कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बैंकों को ऋण वसूली रोकने के निर्देश दिए जाएंगे।
मंत्री भरणे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री केंद्र सरकार के मानदंडों को ध्यान में रखते हुए किसानों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाने पर विचार करेंगे।











