पारवे ने सूखाग्रस्त भिवापुर में फसल क्षति का किया निरीक्षण
लोकवाहिनी, संवाददाता
उमरेड। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भिवापुर तहसील के किसान लगातार फसल खराब होने, प्रतिकूल मौसम और फसल क्षति के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में उमरेड विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सुधीर पारवे ने तहसील के सूखाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और किसानों के खेतों पर जाकर फसल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिखलापार, महालगांव, सालेभट्टी दंदे, उरकुडापार, पांजरपार, नांद, खर्णी और धामणगांव (गवली) का दौरा किया। इस दौरान सोयाबीन, धान, कपास और अन्य कृषि एवं बागवानी फसलों को हुए नुकसान का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी कठिनाइयों और अपेक्षित सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। पारवे ने कहा कि फसल क्षति के अलग-अलग पंचनामा करने की प्रक्रिया से मुआवजे में देरी हो सकती है। इसलिए उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को उपलब्ध फसल बुआई अभिलेखों के आधार पर तत्काल एकमुश्त मुआवजा दिया जाए। फसल निरीक्षण के दौरान उन्होंने उमरेड के उपविभागीय (राजस्व) विद्यासागर चव्हाण से फोन पर संपर्क किया और उन्हें भिवापुर तहसील के किसानों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने किसानों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए सकारात्मक कार्यवाही की भी मांग की।
पारवे ने इस अवसर पर कहा कि किसानों के खेतों पर खड़े होकर उनकी दुर्दशा को समझना महज निरीक्षण नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का दायित्व है। किसानों को सहायता दिलाने के लिए वह सरकारी स्तर पर लगातार प्रयास करते रहेंगे। इस दौरान भिवापुर के पदाधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच और उपसरपंच, कार्यकर्ता के साथ ही संबंधित गांवों के किसान और नागरिक उपस्थित थे। पारवे ने यह भी कहा कि प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता मिलने तक सरकारी स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे।













