छह हथियार बरामद, क्षेत्र में फैली दहशत पर रोक
डीबी पथक की त्वरित कार्रवाई से अपराधी सलाखों के पीछे
नागपुर के सुदाम नगरी क्षेत्र में खून के एक मामले में वांछित आरोपी द्वारा तलवार लेकर दहशत फैलाने की सूचना पुलिस को गुप्त मुखबिर से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीएसआई राजेश रुही के नेतृत्व में डीबी पथक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर दबिश दी और आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फैली दहशत पर अंकुश लगा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तलवार बरामद की गई। इसके अतिरिक्त परिसर में की गई विस्तृत खोजबीन में ओढ़नी में छिपाकर रखी गई एक और तलवार, तीन चाइना चाकू तथा एक बेसबॉल बैट भी पुलिस ने जब्त किया। कुल मिलाकर छह हथियार बरामद हुए, जो संभावित गंभीर अपराध की आशंका को दर्शाते हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा उसे मारने की कोशिश की गई थी, जिसके कारण उसने हथियार रखे थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।










