22 भारतीय नाविक सवार, सभी सुरक्षित, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में समुद्री लुटेरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इसके तहत यमन और सोमालिया के तट के पास दो अलग-अलग घटनाओं में समुद्री लुटेरों ने दो कमर्शियल जहाजों को हाइजैक कर लिया। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाइजैक किए गए दोनों जहाज विदेशी झंडे वाले हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, दो जहाज हैं; दोनों पर विदेशी झंडे लगे हैं और उन पर भारतीय नाविक सवार हैं। इनमें कुल 22 (एक जहाज पर 16 और दूसरे पर छह) भारतीय हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ये 22 नाविक सुरक्षित हैं और हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए
इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग घटनाओं में सशस्त्र समुद्री डाकुओं ने दो जहाजों को अपने कब्जे में ले लिया। 20 अगस्त को एक इरीट्रिया के ध्वज वाले तेल उत्पादक टैंकर ‘एम टी सिबू 1’ को अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर हमला किया। इसमें कथित तौर पर 16 भारतीय नाविक सवार थे। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) सेंटर के अनुसार गुरुवार को उसे यमन के अल मुकल्ल्ला से 136 नॉटिकल मील (252 किमी) पूर्व में एक घटना की सूचना मिली थी।













