मोर्शी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
मोर्शी/अमरावती। अमरावती शहर तक सीमित माना जाने वाला खतरनाक एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स का नेटवर्क अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी फैलने लगा है। मोर्शी पुलिस ने 13 मई की मध्यरात्रि में की गई एक बड़ी कार्रवाई में दो शातिर आरोपियों को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि करीब चार साल बाद ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जिससे इलाके में खलबली मच गई है। अमरावती ग्रामीण के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने अवैध धंधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी दौरान मोर्शी पुलिस को सूचना मिली कि चांदूर बाजार से मोर्शी मार्ग पर एक सफेद रंग की कार में गोवंश तस्करी की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राहुल आठवले के नेतृत्व में पुलिस ने श्मशान भूमि के सामने स्थित रेलवे गेट के पास जाल बिछाया।
रात करीब 2:30 बजे संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सागर ढवले और फॉरेंसिक टीम भी मौजूद थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये कीमत का 75 ग्राम एमडी ड्रग्स, 4 लाख रुपये कीमत की कार तथा 30 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने अब्दुल हफीज अब्दुल मजीद (39 वर्ष, निवासी बिस्मिल्लाह नगर, अमरावती) तथा अकिल अहमद जमील अहमद (32 वर्ष, निवासी रहमतनगर, लालखड़ी, अमरावती) को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हो गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
चार साल बाद बड़ी कार्रवाई, बढ़ी चिंता
अमरावती ग्रामीण क्षेत्र में एमडी ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए इस कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले चार वर्ष पूर्व दर्यापुर-अंजनगांव क्षेत्र में एमडी ड्रग्स पकड़ा गया था। अब मोर्शी में हुई इस कार्रवाई के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि शहर से ग्रामीण इलाकों तक नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाला बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राहुल आठवले, पीएसआई आकाश शिवणकर, तुषार चव्हाण और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।












