नई दिल्ली। भारत के पूर्व करिश्माई कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर शानदार करियर मंगलवार को समाप्त हो गया. उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर (मार्गदर्शक) नियुक्त किया है. इस 45 वर्षीय क्रिकेटर के आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर खेलने को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं. बार-बार चोटिल होने के कारण पिछले कुछ वर्षों में फ्रेंचाइजी के लिए धोनी की भागीदारी सीमित होती गई थी. सुपरकिंग्स की ओर से जारी बयान में हालांकि इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज की कोई प्रतिक्रिया शामिल नहीं थी. सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने बयान में कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी के बिना सुपरकिंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती. करीब दो दशक से हम हर सफलता, मुश्किल और उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे के साथ रहे हैं और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं.’
श्रीनिवासन की बेटी और फ्रेंचाइजी की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी मेंटर के तौर पर सुपरकिंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे. उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, विशेषकर बदलाव के इस दौर में. टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन सुपरकिंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा.’ विश्व कप विजेता भारतीय कप्तान धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. धोनी की कप्तानी में सुपरकिंग्स ने पांच आईपीएल खिताब जीते. वह फ्रेंचाइजी के लिए 5,314 रन के साथ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. इसके अलावा वह सुपरकिंग्स के लिए सर्वाधिक 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं. धोनी ने दो सत्र के लिए राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स का भी प्रतिनिधित्व किया. उस समय 2013 के स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स पर आईपीएल से प्रतिबंध लगा दिया गया था. इस प्रकरण के कारण टीम के तत्कालीन सीईओ गुरुनाथ मयप्पन पर अवैध सट्टेबाजी में शामिल होने के आरोप में आजीवन प्रतिबंध लगा था. धोनी की जगह 2024 में ऋतुराज गायकवाड़ ने फ्रेंचाइजी की कप्तानी संभाली थी.
सुपरकिंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा कि टीम में धोनी का योगदान मैदान पर उनके प्रदर्शन से कहीं बढ़कर है. विश्वनाथन ने रांची के इस दिग्गज खिलाड़ी की सराहना करते हुए कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी ने एक क्रिकेटर के तौर पर जो उपलब्धियां हासिल कीं वे हर प्रशंसक की स्मृतियों में दर्ज हैं. लेकिन धोनी को वास्तव में खास बनाने वाली बात यह है कि वह पूरी तरह चेन्नई के हो गए. उन्होंने इस शहर को अपनाया और शहर ने भी उन्हें अपना मान लिया.’
उन्होंने कहा, ‘जब हम पीछे मुड़कर देखेंगे तो ट्रॉफियां याद रहेंगी लेकिन साथ ही उन्हें जीतने का हमारा अंदाज भी याद किया जाएगा. यही उनकी असली विरासत है.’ फ्रेंचाइजी से लंबे समय से जुड़े इस शीर्ष अधिकारी ने कहा, ‘मैदान पर उन्हें पीली जर्सी में खेलते देखना अब याद आएगा लेकिन हमें खुशी है कि वह हमारे खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे. उनके साथ हमारा जुड़ाव आगे भी बढ़ता रहेगा और आने वाले वर्षों में टीम को आकार देने में मदद करेगा.’ धोनी और सुपरकिंग्स के बीच विशेष जुड़ाव को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा था कि यह करिश्माई क्रिकेटर अपने खेल करियर के बाद भी लंबे समय तक फ्रेंचाइजी से जुड़ा रहेगा.
रूपा ने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी जैसा खिलाड़ी जीवन में एक बार ही आता है. हम भाग्यशाली हैं और उनके प्रति बेहद आभारी हैं कि वह फ्रेंचाइजी की शुरुआत से ही सुपरकिंग्स के साथ रहे हैं और उन्होंने इस टीम की बुनियाद रखी है.’ पांच आईपीएल खिताब के अलावा धोनी ने सुपरकिंग्स को दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी दिलाए जो किसी भी कप्तान के लिए सर्वाधिक हैं. चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट अब आयोजित नहीं होता है.


















