आसियान देशों के नेताओं ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा को मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य छोटे व्यवसायों को किफायती एआई तकनीक, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई शिक्षा और जिम्मेदार तकनीक अपनाने के अवसर उपलब्ध कराना है. यह घोषणा 15 नवंबर को मनीला में आयोजित 49वें आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान अपनाई गई. इसके तहत छोटे व्यवसायों को एआई तकनीक अपनाने में आने वाली बाधाओं को दूर करने और नई तकनीकों तक उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर एक साझा ढांचा तैयार किया जाएगा.
घोषणा में कहा गया है कि एमएसएमई आसियान देशों की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन जागरूकता की कमी, डेटा संबंधी तैयारियों का अभाव, सीमित डिजिटल क्षमताओं, तकनीक की अधिक लागत और असमान डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण वे एआई को अपनाने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. नेताओं ने माना कि एआई के माध्यम से छोटे व्यवसायों की उत्पादकता, कार्यक्षमता और नवाचार को बढ़ावा जा सकता है. इसके लिए कार्य प्रक्रियाओं को स्वचालित करने और डिजिटल परिवर्तन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है.
घोषणा के तहत सदस्य देशों को एमएसएमई की एआई संबंधी तैयारियों का आकलन करने और उनकी तकनीकी क्षमताओं में मौजूद कमियों की पहचान करने के लिए स्वैच्छिक और लचीले तरीके अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है. इसके साथ ही स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी कंपनियों, विश्वविद्यालयों, इनक्यूबेटर, एक्सेलेरेटर और शोध संस्थानों के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) को बढ़ावा देने की बात कही गई है. इसका उद्देश्य छोटे व्यवसायों को किफायती एआई टूल, क्लाउड सेवाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध कराना है.
आसियान नेताओं ने एआई के व्यापक इस्तेमाल के लिए सस्ती और विश्वसनीय इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम को जरूरी बताया है. साथ ही उद्यमियों को एआई के सही इस्तेमाल, संभावित जोखिमों की पहचान और एआई आधारित निर्णयों के प्रति जवाबदेही समझाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया गया है. घोषणा में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर एमएसएमई एआई जागरूकता एवं संचार पहल शुरू करने का भी समर्थन किया गया है. इसमें स्थानीय भाषाओं और डिजिटल जानकारी के अलग-अलग स्तरों को ध्यान में रखा जाएगा. आसियान नेताओं ने एआई तकनीक तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया है.


















