उत्तराखंड में हादसा, 30 से अधिक लोग घायल
टिहरी/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए इन हादसों पर दुख जताया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने प्रशासन को घायलों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में सुबह करीब सवा पांच बजे गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार नौ व्यक्तियों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश-कीर्तिनगर मार्ग पर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवाद बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इसने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य व्यक्तियों ने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दम तोड़ दिया. मृतकों में बस का चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल है. टिहरी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदीसो के रहने वाले विक्की (37) एवं रोहित कश्यप (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले राज रॉय, उत्तराखंड के टिहरी जिले के मैथंडी निवासी पुन्नू (55), चमोली जिले के गोपेश्वर निवासी सुनील प्रताप सिलोड़ी (55), मध्य प्रदेश के दीपक गुप्ता (55) एवं विकास गुप्ता के रूप में हुई है.
















