पुलिस, बैंक और एयरलाइंस की सेवाएं प्रभावित, 40 लाख से अधिक कंपनियों पर असर
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। दुनिया भर में करोड़ों लोग और लाखों कंपनियां अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर हैं। ऐसे में कंपनी की जरूरी सेवाएं अचानक ठप होने से ईमेल और ऑनलाइन मीटिंग से लेकर सरकारी कामकाज तक प्रभावित हो गया। माइक्रोसॉफ्ट के सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण भारत समेत दुनिया के 74 देशों में सरकारी संस्थानों, बैंकों, अस्पतालों, स्कूलों और एयरलाइंस का कामकाज प्रभावित हुआ।
इस आउटेज के चलते भारत में स्पाइसजेट को दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स रह करनी पड़ीं। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इस समस्या की वजह एक गलत सॉफ्टवेयर अपडेट है। कंपनी इसे ठीक करने में जुटी है, लेकिन शुरुआती प्रयास उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो पाए। माइक्रोसॉफ्ट की कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी आई। इनमें ईमेल सेवा आउटलुक, ऑनलाइन मीटिंग और चैट के लिए टीम्स, फाइल शेयरिंग प्लेटफॉर्म शेयरपॉइंट ऑनलाइन और एआई टूल कोपायलट 365 शामिल हैं। इसके अलावा एक्सचेंज ऑनलाइन, माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर और प्लानर जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुईं। इसके कारण यूजर्स को ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने, फाइल सेव करने और कंपनी से जुड़े जरूरी डेटा तक पहुंचने में दिक्कत हुई।
भारत में सबसे ज्यादा चर्चा हवाई सेवाओं पर पड़े असर को लेकर रही। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली-पुणे, दिल्ली-लेह और दिल्ली-मुंबई की तीन उड़ानें रद्द कर दीं। वहीं, दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो अन्य उड़ानों में देरी हुई। दिल्ली एयरपोर्ट के अलावा इंडिगो और अकासा एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। हालांकि, एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ानों पर इस तकनीकी खराबी का कोई असर नहीं पड़ा है। कंपनी ने ईमेल ट्रैफिक को कुछ समय के लिए दूसरे रास्ते से भेजने की व्यवस्था की, ताकि यात्रियों को संदेश मिलते रहें।
भारत के बाहर भी स्थिति गंभीर रही। हांगकांग में बैंकिंग सेवाएं, ऑस्ट्रेलिया में पुलिस और खुफिया एजेंसियों का कामकाज प्रभावित हुआ। जापान में सरकारी सिस्टम और फिलीपींस में अदालतों के कामकाज पर भी असर पड़ा। कई जगहों पर स्कूलों की ऑनलाइन कक्षाएं और अस्पतालों की डिजिटल सेवाएं बाधित हुईं। आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, गुरुवार की रात करीब 9:45 बजे से माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायतें आने लगीं थीं। एक घंटे के भीतर इसका असर 74 देशों तक पहुंच गया। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे तक दुनियाभर में आउटलुक से जुड़ी शिकायतों की संख्या 1.40 लाख के पार पहुंच गई थी। यह सामान्य स्तर से करीब 2,000 गुना अधिक थी। आउटेज शुरू हुए 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद कंपनी समस्या को पूरी तरह ठीक नहीं कर पाई थी। माइक्रोसॉफ्ट ने इस गड़बड़ी के पीछे गलत तरीके से किए गए सॉफ्टवेयर अपडेट को जिम्मेदार बताया।
सेवाओं पर 43 करोड़ से ज्यादा यूजर्स निर्भर
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, दुनियाभर में 43 करोड़ से ज्यादा यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। इनमें आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं शामिल हैं। अलग-अलग ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, करीब 30 से 40 लाख कंपनियां अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए माइक्रोसॉफ्ट 365 पर निर्भर हैं। इसके अलावा फॉर्च्यून 500 सूची में शामिल 90 प्रतिशत से ज्यादा कंपनियां माइक्रोसॉफ्ट के एआई चैटबॉट कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं।
बिजनेस पर असर
रिपोर्ट के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस रुकावट का असर दुनियाभर के करीब 40 लाख बिजनेस पर पड़ा है। कंपनियों में ऑनलाइन मीटिंग, ईमेल और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए आउटलुक और टीम्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। ऐसे में इन सेवाओं के बाधित होने से कर्मचारियों के बीच संपर्क प्रभावित हुआ और कई जगहों पर कामकाज ठप हो गया।

















