5 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ का माल जब्त
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलतरोड़ी क्षेत्र के नरेंद्रनगर स्थित एक फ्लैट से 1 किलो 405 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) जैसा पदार्थ बरामद किया। पुलिस के अनुसार, जब्त पदार्थ की कीमत 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपये है। इस कार्रवाई में मादक पदार्थ, नकदी, मोबाइल फोन, कार और 4 दोपहिया वाहनों समेत कुल 1 करोड़ 54 लाख 50 हजार 700 रुपये का माल जब्त किया गया। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुख्यात आरोपी विशाल उर्फ फल्ली समेत 3 अन्य की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मकोका के एक मामले में फरार आरोपी भी शामिल है।
क्राइम ब्रांच की यूनिट-5 ने गुप्त सूचना के आधार पर 24 अक्टूबर की रात रिंग रोड पर भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित विज्या अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार, संबंधित फ्लैट लाड नामक व्यक्ति का है। यहां 5 लोग कथित तौर पर एमडी जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ मिले। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ समेत अन्य सामग्री जब्त की। मामले में बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत उर्फ अन्नू संजय बिहारे (19), निवासी पवन शक्तिनगर, प्लॉट नंबर 29, भांडेवाड़ी, शुभम उर्फ डोरेमोन दिलीप नरवरिया (31), निवासी फ्लैट नंबर 202, स्वामी नगर, दीवान लेआउट, मानेवाड़ा, कृष्णा सुनील वर्मा (19), निवासी बजोरिया, लोधीपुरा, झंडा चौक, गणेशपेठ, तुफानसिंह बालसिंह सिसोदिया (38), निवासी बोथखेड़ी, रंगधार, झालावाड़, राजस्थान और राहुल रामकुमार गौंड (32), निवासी प्लॉट नंबर 108, श्रावण नगर, वाठोड़ा लेआउट, शीतला माता मंदिर के पास शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अनिकेत बिहारे मकोका के एक मामले में फरार था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक हुंडई वरना कार, 4 दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, एक बैग और 3 लाख 44 हजार 700 रुपये नकद भी जब्त किए।
पुलिस को इस मामले में कुख्यात आरोपी विशाल उर्फ फल्ली पृथ्वीलाल गुप्ता, निवासी श्रावण नगर, भांडेवाड़ी, भूपेंद्रसिंह नामक युवक, राजस्थान और सहेली पंधराभ, निवासी श्रावण नगर, भांडेवाड़ी की तलाश है। पुलिस के अनुसार, विशाल फल्ली कुख्यात अपराधी के रूप में दर्ज है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस कथित ड्रग नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सो), 22(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। शिकायत क्राइम ब्रांच के पुलिस हवलदार चंद्रशेखर जयचंद गौतम ने दर्ज कराई है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनिता साहू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-5 के पुलिस निरीक्षक विनायक गोले के नेतृत्व में आगे की जांच की जा रही है।
कार की टक्कर से किशोर की मौत
नागपुर। गिट्टखदान थाना अंतर्गत कार की टक्कर से किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। 11 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे फरियादी के बेटे रेहान जावेद दिवाण (16) निवासी बोरगांव, प्रशांत कॉलोनी, गिट्टखदान अपने मित्र हफीज शेख के साथ दोपहिया से गिट्टखदान पुलिस थाना क्षेत्र के बजरंग चौक के पास स्थित एटीएम के सामने से सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान चारपहिया वाहन क्रमांक MH-31-EU-3301 के चालक ने तेज गति से चलाते हुए रेहान की दोपहिया को पीछे से टक्कर मार दी।














