स्कूटी फिसली, पीछे से आए वाहन ने मारी टक्कर
नागपुर जिले के पारशिवनी तहसील अंतर्गत कन्हान थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 44 पर स्थित MHSK पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में एक 23 वर्षीय युवती की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवतियां स्कूटी पर सवार होकर वाघोली गांव में अपने मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी फिसल जाने से तीनों सड़क पर गिर पड़ीं। उसी समय पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे रश्मि विनोद बागडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कन्हान पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है तथा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।








