गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि पीढ़ियों से पढ़ाए जा रहे इतिहास में जनजातीय नायकों को जगह नहीं दी गई, जबकि स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा ने आदिवासियों का स्वाभिमान लौटाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके योगदान को फिर से समाज के सामने लाने का काम किया। फडणवीस ने गढ़चिरौली जिले में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी सांस्कृतिक महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए यह कहा।
इस मौके पर फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गढ़चिरौली अब माओवाद से मुक्त हो गया है और इसे देश के अगले ‘इस्पाल शहर’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। भारत में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी और ब्रिटिश उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष करने वाले बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। फडणवीस ने जनजातीय नायकों के सम्मान में 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।















