कांग्रेस को 30 साल तक करना पड़ सकता है इंतजार : अमित शाह
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत, उसके लोकतांत्रिक संस्थानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों को बदनाम कर रहे हैं।
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता नहीं मिलेगी। अगर वे दोबारा सत्ता में आना चाहते हैं, तो उन्हें विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना शुरू करना चाहिए। अमित शाह ने कहा, मैं राहुल गांधी को एक सलाह देना चाहता हूं। इस तरह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करके आपको सत्ता नहीं मिलेगी। अगर आपको सत्ता चाहिए, तो विदेश यात्राएं बंद कीजिए और भारत के गांवों में जाना शुरू कीजिए। इसके बाद शायद किसी दिन आपको मौका मिल सकता है।
अमित शाह पुणे में राष्ट्रीय भारी इंजीनियरिंग सहकारी क्षेत्र को फिर से मजबूत करने की पहल के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार चुनाव हार रही है। इसी निराशा में कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और उसके नेतृत्व को निशाना बना रही है। शाह ने 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत सम्मेलन पर भी टिप्पणी की। इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार ने किया था। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश से वामपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले लोगों को आमंत्रित किया गया था। अमित शाह ने कहा, कांग्रेस के युवराज भी भारत सम्मेलन में शामिल हुए। यहां उन्होंने भारत विरोधी विचार रखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को बदनाम किया। उन्हें समझना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना कर रही है और भारत की विकास यात्रा पर नजर रख रही है।















