खेल प्रतिनिधि:नई दिल्ली। ओलंपियन सीए भवानी देवी दो महीने के अंतराल के बाद प्रतिस्पर्धी गतिविधियों में वापसी करते हुए आगामी एशियाई खेलों के लिए चुनी गई 20 सदस्यीय भारतीय तलवारबाजी टीम की अगुवाई करेंगी। भवानी देवी इस साल आयोजित एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के बाद आची-नागोया एशियाई खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
चयनित सभी खिलाड़ी मंगलवार से 15 सितंबर तक पटियाला के राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में राष्ट्रीय तैयारी शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके बाद टीम 16 सितंबर को सीधे आची-नागोया रवाना होगी जहां प्रतियोगिता से पहले परिस्थितियों से अभ्यस्त होने की तैयारी की जाएगी। भारतीय तलवारबाजी संघ (एफएआई) की चयन समिति ने राष्ट्रीय रैंकिंग और इस साल प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया। इनमें एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप, विश्व तलवारबाजी चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप शामिल हैं। टीम में तीनों वर्गों फॉयल, एपी और साब्रे में मजबूत खिलाड़ी शामिल हैं। एपी वर्ग में महिलाओं की टीम में तनिष्का खत्री और प्राची लोहान प्रमुख दावेदार होंगी।
दोनों ने राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर प्रभावित किया था। राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में पुरुष साब्रे में स्वर्ण पदक जीतने वाले करण सिंह गुर्जर के प्रदर्शन से इस वर्ग में भारत की पदक की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। वहीं तेजस मनोज पाटिल ने पुरुष फॉयल में अपना स्थान पक्का किया है। उन्होंने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था और इस प्रतियोगिता के सीनियर फॉयल वर्ग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय तलवारबाज बने थे।












