लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले टीएमसी सांसद
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। टीएमसी के बागी सांसदों की रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी के बागी सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक के बाद सांसद काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय और शताब्दी रॉय के नेतृत्व में बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि टीएमसी के बागी सांसदों ने त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी के साथ विलय का ऐलान कर दिया है। बागी सांसदों ने यह कदम दलबदल विरोधी कानून से बचने के लिए उठाया है। इस फैसले से अपनी सांसदी बचाने की रणनीति तैयार की गई है। इस बड़े राजनीतिक धमाके से दिल्ली से लेकर कोलकाता तक की राजनीति गरमा गई है। इस पार्टी की मौजूदगी असम, त्रिपुरा, बंगाल और उत्तर पूर्व राज्यों में है। पार्टी में विलय करेंगे और एनडीए का समर्थन करेंगे।
स्पीकर के साथ बैठक के बाद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि हम टीएमसी से चुने गए बीस सांसद स्पीकर से मिले और अलग बैठने की रिक्वेस्ट करते हुए एक पत्र दिया। ये बीस सांसद हमारी कुल संख्या का दो-तिहाई से ज्यादा हैं। हम नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी के साथ मर्ज कर रहे हैं। आगे बढ़ते हुए, हम देश के लिए काम करेंगे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के साथ मिलकर काम करेंगे। बागी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी में हम मर्ज करेंगे। स्पीकर के पास हस्ताक्षर सहित आवेदन पत्र जमा दिया गया है। उसके बाद 20 जुलाई को लोकसभा खुलेगा। उससे पहले हमारा ब्लॉक रहेगा। उन्हें दफ्तर दिया जाएगा। उसके बाद कौन असली तृणमूल है इसका फैसला कोर्ट में होगा और कोर्ट का जो फैसला होगा, उसे माना जाएगा। बता दें कि इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार ने 19 सांसदों का हस्ताक्षरित पत्र लोकसभा स्पीकर को दिया था।












