लोकवाहिनी, शहर प्रतिनिधि:नागपुर। गुरुवार की दोपहर गर्मी का मौसम अचानक बदल गया। गुरुवार दोपहर को तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश ने जिले को बुरी तरह प्रभावित किया। जिले के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। इस बेमौसम बारिश से वातावरण में कुछ ठंडक आई है और धूप से झुलसे नागपुरवासी को थोड़ी राहत भी मिली है।
उपराजधानी में गुरुवार की दोपहर मौसम का अनोखा मिजाज देखने को मिला। पिछले कई दिनों से चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी की मार झेल रहे शहरवासियों के लिए आज की दोपहर बड़ी राहत लेकर आई। अचानक आसमान में बादलों ने डेरा जमा और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया। दोपहर तक सूरज की तपिश से बेहाल नागपुर का तापमान इस बेमौसम बारिश के कारण तेजी से नीचे गिर गया।
धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हुई इस बरसात ने वातावरण में ठंडक घोल दी है। शहर के धरमपेठ, इतवारी, सीताबर्डी और मनीष नगर सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश के चलते सड़क पर चल रहे राहगीरों को भीगते हुए इसका आनंद लेते देखा गया। लगातार हो रही बरसात के चलते शहर का नजारा पूरी तरह बदल गया है। जहां सुबह तक लोग लू के थपेड़ों से बचने की कोशिश कर रहे थे, वहीं अब सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए पार्कों और खुले स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ घंटों तक बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है।








