समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा : टायर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक
लोकवाहिनी, संवाददाता
अमरावती। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पर तलेगांव दशासर पुलिस थाना क्षेत्र में सोमवार, 12 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। ट्रक का अगला टायर फटने से चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद ट्रक क्रॉस बैरियर से टकराकर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। घर्षण के कारण डीजल टैंक फट गया और ट्रक में आग लग गई। इस हादसे में ट्रक चालक की आग में झुलसकर मौत हो गई, जबकि ट्रक से बाहर निकलते समय पुल के नीचे गिरने से एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान पासिंग वाला ट्रक (आरजे 11 जीसी 7383) नासिक से पत्ता गोभी लेकर पटना जा रहा था। समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 127+300 पर ट्रक के चालक की तरफ का अगला टायर अचानक फट गया। इससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और ट्रक क्रॉस बैरियर से टकराकर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। इस दौरान डीजल टैंक फटने से ट्रक में भीषण आग लग गई। इस हादसे में ट्रक चालक इखलास खान शहाबुद्दीन खान (22), निवासी राणीआला खुर्द, पलवल, हरियाणा की आग में झुलसकर मौत हो गई। वहीं, जाहुल खान अली खान (25), निवासी राणीआला खुर्द, पलवल, हरियाणा की ट्रक से बाहर निकलते समय पुल के नीचे गिरने से मौत हो गई। ट्रक में मौजूद क्लीनर साहब सईद खान (18), निवासी राणीआला खुर्द, पलवल, हरियाणा ने ट्रक से बाहर छलांग लगा दी। जानकारी के अनुसार, उसे कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद ट्रक में लगी आग को दमकल विभाग की मदद से बुझाया गया। समृद्धि महामार्ग पर तैनात पुलिस उपरीक्षक सुधीर गाबडे, पुलिस हेड कांस्टेबल संतोष गहरवाल और पुलिस कांस्टेबल वाजिद शेख ने घटना की सूचना तलेगांव दशासर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आवटे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल भेजे गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे हटाने के बाद महामार्ग पर यातायात सुचारू किया गया।
11 दिनों में तीन हादसे : सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
धामणगांव रेलवे तहसील क्षेत्र से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग पर अक्टूबर महीने में लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। 2 अक्टूबर को देवी की मूर्ति लेकर जा रहे वर्धा के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से सात श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। 4 अक्टूबर को पिकअप वैन पलटने से नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे। अब 12 अक्टूबर को ट्रक में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। महज 11 दिनों के भीतर हुई इन तीन घटनाओं से समृद्धि महामार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ दी है। इन हादसों के मद्देनजर वाहन सुरक्षा, आपातकालीन सहायता व्यवस्था और दुर्घटनाप्रवण स्थानों पर प्रभावी उपाय करने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। संबंधित प्रशासन से महामार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।












