मुख्यमंत्री के सुरों ने जीता दर्शकों का दिल
षनमुखप्रिया के आग्रह पर गूंजे सुरों के तार
नागपुर में आयोजित सांसद क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह के दौरान एक अनोखा और यादगार दृश्य देखने को मिला। समापन के बाद प्रसिद्ध गायिका षण्मुखप्रिया का विशेष संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में संगीतप्रेमी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहे और उन्होंने कुछ समय तक सभागार में रुककर षण्मुखप्रिया के गीतों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान जब ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखी’ गीत प्रस्तुत किया जा रहा था, उसी समय षण्मुखप्रिया ने मुख्यमंत्री फडणवीस से भी गीत गाने का आग्रह किया। उपस्थित श्रोताओं की उत्सुकता और माहौल की गरिमा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भी उत्साहपूर्वक इस गीत की कुछ पंक्तियाँ गाईं। उनके इस सहज और सुरमयी अंदाज ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया।
मुख्यमंत्री के गीत गाने के बाद पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर खेल और संगीत के संगम ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। यह क्षण नागपुर के सांस्कृतिक और सामाजिक वातावरण में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।












