ठाणे। भिवंडी शहर के कामतघर फेणेपाड़ा इलाके में ड्रेनेज की सफाई के दौरान मैनहोल में दम घुटने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह चौंकाने वाली घटना गुरुवार दोपहर के समय हुई। मृत सफाईकर्मियों की पहचान सूरज धांत्रे और अक्कू के रूप में हुई है। भिवंडी के कामतघर फेणेपाड़ा इलाके में ईगल इन्फ्रा कंपनी द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से ड्रेनेज की सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान एक मजदूर सफाई के लिए मैनहोल में उतरा, लेकिन अंदर दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर भी मैनहोल में उतरा, लेकिन उसका भी अंदर दम घुट गया और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही पलों में सफाई के लिए उतारा गया मैनहोल दोनों मजदूरों के लिए मौत का जाल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका का अग्निशमन दल, आपातकालीन बचाव दल और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने दोनों मजदूरों के शव मैनहोल से बाहर निकाले और पोस्टमार्टम के लिए भिवंडी उपजिला अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद ठेकेदार के कामकाज पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आरोप लगाया जा रहा है कि ड्रेनेज के मैनहोल में काम करने के लिए जरूरी सुरक्षा किट, ऑक्सीजन की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपकरण मजदूरों को उपलब्ध नहीं कराए गए थे। दो मजदूरों की मौत के बाद स्थानीय नगरसेवक कमलाकर पाटिल ने ईगल इन्फ्रा कंपनी और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मामला दर्ज नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। मैनहोल में उतरे दो मजदूरों की जान चली गई, लेकिन उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी? मजदूरों की जान जोखिम में डालने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी या नहीं? इन मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों से प्रशासन जवाब मांगेगा या नहीं? ऐसे तीखे सवाल अब उठ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र में ड्रेनेज की सफाई के दौरान मजदूरों की जान जा चुकी है।















