इस्लामाबाद। अमेरिका और ईरान के एक दूसरे को लेकर कड़े तेवर अपनाए जाने के बीच बहुचर्चित शांति वार्ता के दूसरे दौर पर सोमवार को अनिश्चितता छाई रही। आगामी दिनों में दोनों पक्षों के इस्लामाबाद में मिलने की उम्मीद है, जिसके लिए पाकिस्तानी अधिकारियों ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम बुधवार को समाप्त होने वाला है।
सोमवार को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि उनके देश ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ वार्ता के अगले दौर में भाग लेगा या नहीं। इससे पहले, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने कहा था कि तेहरान अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखे हुए है, लेकिन नए सिरे से तनाव बढ़ने की आशंकाओं के बीच आवश्यक उपाय करने के लिए तैयार है।
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहे एक ईरानी जहाज को निशाना बनाया। सोमवार को तेहरान में साप्ताहिक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बकाई ने कहा, “फिलहाल, जब तक मैं आपकी सेवा में हूँ, हमारे पास बातचीत के अगले दौर के लिए कोई योजना नहीं है, और इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।” विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अमेरिका कूटनीति को आगे बढ़ाने के बारे में गंभीर नहीं था और उन्होंने दो सप्ताह के युद्धविराम के उल्लंघनों का हवाला दिया।










