सुजीत का 24 मैचों में जीत का क्रम टूटा
एजेंसी
अस्ताना। पिछले एक साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे सुजीत कलकल का विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने का सपना फिर अधूरा रहा और वह पुरुषों के 65 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के अब्दुल मजीद कुदियेव से हार गए। पिछले बारह महीने में अंडर 23 विश्व चैंपियनशिप, 2026 एशियाई चैंपियनशिप और एशियाई खेलों समेत सात खिताब जीत चुके सुजीत पिछले साल जगरेब में विश्व चैंपियनशिप के रेपेशाज दौर के बाद से पहली बार हारे हैं। सुजीत ने एशियाई खेलों के फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2-9 से पिछड़ने के बाद लगातार आठ अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता था। लेकिन उस प्रदर्शन को यहां दोहरा नहीं सके। इसके साथ ही सुशील कुमार (2010) के बाद अपना दूसरा विश्व चैंपियन देखने की भारत की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया।
सुजीत ने सक्रिय नहीं होने के कारण पहला अंक गंवा दिया लेकिन पहले पीरियड के खत्म होने से पांच सेकंड पहले कुदियेव को गिराकर 2-1 की बढ़त बनाई। इसके बाद कुदियेव को निष्क्रियता का खामियाजा भुगतना पड़ा और सुजीत की बढ़त 3-1 की हो गई। आखिरी 30 सेकंड में मैच का रुख पलट गया। सुजीत ने कुदियेव को चित करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। जवाबी हमले में कुदियेव ने भी यही रणनीति अपनाई। मैट रैफरी ने सुजीत को दो अंक नहीं दिये लेकिन चेयर एंपायर ने यह अंक दिये। कुदियेव को बाहर कदम निकालने पर एक अंक मिला जिससे सुजीत की बढ़त 5-2 की हो गई। कुदियेव ने इस फैसले को चुनौती दी और जीते जिससे सुजीत के दो अंक रद्द हुए और कुदियेव को दो अंक मिले। स्कोर अब 3-3 था। निर्णायक बाउट में सुजीत कुछ कर नहीं पाये और आखिरी अंक बनाने के मानदंड के आधार पर कुदियेव को जीत मिली।
अन्य मुकाबलों में तनू शर्मा ने महिलाओं के 72 किलो वर्ग में ट्यूनीशिया की जैनब एस को रेपेशाज दौर में 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। वहीं सृष्टि महिलाओं के 68 किलो रेपेशाज में अमेरिका की केनेडी ब्लेड्स से हराकर बाहर हो गईं। मनीषा भानवाला महिलाओं के 59 किलो सेमीफाइनल में पहुंच गईं जिन्होंने मंगोलिया की बोलोरातुया को 6-0 से हराया। इससे पहले उन्होंने कनाडा की लौरेंस ब्यूरेगार्ड को हराया था। महिलाओं के 55 किलोग्राम में अहिल्या शिंदे ने क्यूबा की वेनेलिस सांज कर्डोसिया को 8-1 से हराया लेकिन तुर्की की तुबा देर्मिर से 6-9 से हार गईं। पुरुषों के 97 किलो वर्ग में विक्की ने मार्की कोलमैनारेज को 8-2 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई लेकिन जापान के अराश योशिदा से तकनीकी श्रेष्ठता पर 2-12 से हार गए।













