कलमना पुलिस ने किया 12 घंटे में पर्दाफाश
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर के कलमना पुलिस थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस कार्रवाई में 6.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद करते हुए एक आरोपी और दो विधि संघर्षग्रस्त बालकों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल जयचंद बत्रा के चिखली-कलमना स्थित टाइल्स, सैनिटरी और सीपी फिटिंग्स के गोदाम में 27 और 28 मई की दरम्यान अज्ञात आरोपियों ने छत की टिन शीट हटाकर प्रवेश किया और करीब 11.39 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। इस मामले में कलमना पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक संतोषकुमार रामलोद के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
टीम ने आसपास के 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिरों से जानकारी जुटाई तथा तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि दो विधि संघर्षग्रस्त बालकों ने अपनी प्रेमिका के लिए महंगा आईफोन खरीदने के उद्देश्य से इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में इरफान अली उर्फ इम्मु रमजान अली (38) निवासी यशोधरानगर तथा दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ‘AQUILO’ ब्रांड के सोने, रोज गोल्ड और सिल्वर रंग के कुल 21 प्रीमियम नल बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये बताई जा रही है।













